कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल के निर्देशानुसार एवं अनुविभागीय अधिकारी आरोन सुश्री मंजूषा खत्री के मार्गदर्शन में राजस्व एवं पुलिस विभाग के संयुक्त दल ने सिविल अस्पताल आरोन के बीएमओ डॉ. अविनाश रघुवंशी के नेतृत्व में आरोन स्थित निजी स्वास्थ्य संस्थानों की जांच कर नियम विरुद्ध संचालित पाए जाने पर कार्रवाई की।

जांच के दौरान भोपाल मल्टी केयर हॉस्पिटल में उपस्थित कर्मचारी संचालन संबंधी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। साथ ही निरीक्षण के समय अस्पताल में कोई भी चिकित्सक उपस्थित नहीं मिला। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पंचनामा तैयार कर अस्पताल को सीलबंद कर दिया गया। इसी परिसर में बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर को भी टीम ने सीलबंद कर दिया। साथ ही इंदौर पैथोलॉजी लैब की जांच में भी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए। निरीक्षण के दौरान लैब बंद मिली, जिसके बाद पंचनामा तैयार कर सूचना चस्पा करते हुए लैब को भी सीलबंद किया गया।

कार्रवाई के दौरान सिविल अस्पताल आरोन से डॉ. रामलखन पिप्पल, डॉ. धर्मेंद्र जाट सहित अस्पताल स्टाफ, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट श्री अमित जैन, राजस्व निरीक्षक श्री ब्रजेंद्र सिंह बरैया तथा थाना आरोन का पुलिस बल उपस्थित रहा।






























