
गुना। एक दौर था जब गुना-ग्वालियर और चंबल क्षेत्र में केवल गोलियों की ‘ढांय-ढांय’ सुनाई देती थी। वह आतंक और डर का अलग समय था, लेकिन आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश बदल रहा है और हमारा यह क्षेत्र भी पूरी तरह बदल चुका है।” यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को गुना के दशहरा मैदान पर आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कही। मुख्यमंत्री यहाँ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ अडाणी ग्रुप की ‘अंबुजा सीमेंट फैक्ट्री’ का शिलान्यास करने पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने विकास और किसानों के हितों पर जोर देते हुए कहा कि यह ‘किसान कल्याण वर्ष’ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास के लिए यदि किसानों की जमीन ली जाएगी, तो उन्हें बाजार से चार गुना ज्यादा कीमत देकर विकास का भागीदार बनाया जाएगा। उन्होंने किसानों से भावनात्मक अपील करते हुए कहा, भविष्य के लिए अपनी जमीन मत बेचना, क्योंकि आपकी जमीन के साथ आपका जमीर जुड़ा हुआ है। गुना आने वाले समय में बहुत आगे बढ़ने वाला है।
4 साल के मंथन से निकला अमृत
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डॉ. मोहन यादव ने लालफीताशाही को खत्म कर निवेशकों के लिए ‘रेड कारपेट’ बिछा दिया है। सिंधिया ने बताया कि इस फैक्ट्री के लिए गौतम अडाणी से पिछले 4 साल से चर्चा चल रही थी। उन्होंने कहा, “मैंने अडाणी जी से गुहार लगाई थी कि अगर देश का दिल देखना है, तो वह गुना-शिवपुरी में बसता है। आज 4 साल के मंथन से यह अमृत निकला है। उन्होंने बताया कि यहाँ कुल 3500 करोड़ का निवेश होगा और 40 लाख टन क्षमता का प्लांट लगेगा।
गुना के लिए सौगातों की बौछार
सीएम ने मावन में बनने जा रही सीमेंट फैक्ट्री के शिलान्यास के साथ ही जिले को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात दी। 1059 करोड़़ की लागत से बनने वाली इस फैक्ट्री से करीब 1500 लोगों को सीधा रोजगार मिलेगा। नमामि गंगे योजना के तहत 80 करोड़़ 22 लाख के प्रस्ताव को हरी झंडी दी गई। 130 करोड़ की लागत के 144 विभिन्न विकास कार्यों की सौगात दी। भुजरिया तालाब सौंदर्यीकरण के लिए 25 करोड़ रुपये और रामनगर-टकोदिया-लक्ष्मण मार्ग पर पार्वती नदी पर ब्रिज निर्माण की घोषणा की।
प्रणव अडाणी ने किया डेढ़़ हजार लोगों को रोजगार देने का वादा
अडाणी ग्रुप के डायरेक्टर प्रणव अडाणी ने मध्य प्रदेश के विकास के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य की जीडीपी का 15 लाख करोड़ के पार जाना प्रदेश की मजबूत आर्थिक स्थिति का प्रमाण है। प्रणव अडाणी ने कहा कि गुना में बनने जा रही यह सीमेंट ग्राइंडिंग यूनिट सालाना 40 लाख मेट्रिक टन की क्षमता वाली होगी, जिसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा। इसका पहला चरण वर्ष 2028 तक शुरू कर दिया जाएगा। अडाणी ने रेखांकित किया कि 1,060 करोड़ रुपये का यह निवेश गुना जिले के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा निवेश है, जिससे लगभग 1,500 स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में चेयरमैन गौतम अडाणी ने मध्य प्रदेश के लिए 1,10,000 करोड़ रुपये के निवेश का जो संकल्प लिया था, यह प्रोजेक्ट वादे को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम है।
पन्नालाल शाक्य की दो टूक-गुनावासियों को ही मिले रोजगार
कार्यक्रम के दौरान विधायक पन्नालाल शाक्य ने अडाणी ग्रुप के प्रतिनिधियों के सामने यह मांग रखी कि फैक्ट्री में गुना के स्थानीय युवाओं को ही प्राथमिकता के आधार पर रोजगार दिया जाए, ताकि क्षेत्र का वास्तविक विकास हो सके। मुख्यमंत्री ने टेकरी सरकार के जयकारे के साथ अपना संबोधन शुरू किया और सिंधिया को ‘श्रीमान’ कहकर संबोधित किया। वहीं सिंधिया ने भी जनता से आह्वान किया कि मुख्यमंत्री का स्वागत उज्जैन से भी पांच गुना ज्यादा उत्साह के साथ होना चाहिए।



























