अब रसायन नहीं, सेहत खरीदेगा गुना, शास्त्री पार्क में फिर सजेगा जैविक हाट बाजार

कलेक्टर श्री किशोर कन्याल के निर्देशन में जिला प्रशासन की पहल पर शास्त्री पार्क सब्जी मंडी, गुना में रविवार को एक बार फिर साप्ताहिक जैविक हाट बाजार का आयोजन किया जाएगा। यह हाट बाजार रविवार, 28 दिसंबर 2025 को प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक आम नागरिकों के लिए खुला रहेगा।

कलेक्टर श्री किशोर कन्याल ने कहा कि जैविक हाट बाजार किसानों की आय बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों को रसायन-मुक्त, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय किसानों को भी सीधा लाभ मिल रहा है।
उप संचालक उद्यानिकी, जिला गुना श्री के.पी.एस. किरार ने बताया कि यह जैविक हाट बाजार किसानों को सीधे उपभोक्ताओं से जोड़ने का विश्वसनीय और प्रभावी मंच बन चुका है। हाट बाजार में ताजी जैविक सब्जियां, फल, अनाज, शुद्ध मसाले, वर्मी कम्पोस्ट, गोमूत्र, प्राकृतिक जैविक खाद, पॉलीहाउस में उत्पादित गुलाब तथा आजीविका मिशन की महिला स्व सहायता समूह के जैविक उत्पाद बिक्री हेतु उपलब्ध होंगे।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर जैविक उत्पादों को अपनाएं, अपनी सेहत का ध्यान रखें और स्थानीय किसानों को प्रोत्साहित करें।























